
नागपुर. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय, परभणी की ओर से डी.एससी. (डॉक्टर ऑफ साइंस) की मानद उपाधि प्रदान की गई है। यह डॉक्टरेट उन्हें कृषि क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दी गई है, जिससे उनकी उपलब्धियों में एक और प्रतिष्ठित सम्मान जुड़ गया है। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 26वें दीक्षांत समारोह में कुछ अपरिहार्य कारणों से नितिन गडकरी शामिल नहीं हो सके। इसलिए शनिवार, 19 अप्रैल को परभणी से आए कुलपति प्रो. इंद्र मणी ने गडकरी के नागपुर स्थित निवास पर एक अनौपचारिक समारोह में यह मानद उपाधि उन्हें सौंपी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जल संरक्षण, जैव ईंधन विकास, जैविक और प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में गडकरी के योगदान को देखते हुए उन्हें यह डॉक्टरेट प्रदान की गई है। इससे पहले भी नितिन गडकरी को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और असम के कई विश्वविद्यालयों द्वारा मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें महात्मा फुले कृषि विश्वविद्यालय (राहुरी), डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय (अकोला), डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय (औरंगाबाद), स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय (नांदेड़), गलगोटियाज विश्वविद्यालय (उत्तर प्रदेश), असम डाउन टाउन यूनिवर्सिटी (गुवाहाटी) और एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (गाजियाबाद) शामिल हैं।