
नागपुर. उमरेड स्थित एमपीएम कंपनी में हुई घटना बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने सदस्य खोए हैं, सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जो श्रमिक घायल हुए हैं, उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि जरूरत पड़ी, तो एअर एम्बुलेंस से घायलों को ऐरोली स्थित बर्न अस्पताल भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह बातें उमरेड हादसे में घायल श्रमिकों के परिजनों को दिलासा देते हुए कहीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के ओरियस इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में इलाज करवा रहे श्रमिकों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. विपीन इटनकर, अस्पताल के क्रिटिकल केयर प्रमुख डॉ. ए.एस. राजपूत, स्किन सर्जन डॉ. एस. जहागीरदार, पुलिस अधीक्षक हर्ष पोतदार और पूर्व विधायक सुधीर पारवे उपस्थित थे। मरीजों के इलाज की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने यह महसूस किया कि नागपुर में एक अत्याधुनिक स्किन बैंक की सख्त जरूरत है। इसके बाद उन्होंने तत्काल जिला कलेक्टर डॉ. विपीन इटनकर को नागपुर में स्किन बैंक स्थापित करने के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर में न केवल शहर, बल्कि आस-पास के राज्यों से भी गंभीर दुर्घटनाओं के शिकार मरीजों के लिए स्किन की आवश्यकता होती है। इस पर उन्होंने डॉक्टरों से और अधिक जानकारी ली और सरकार स्तर पर इस काम को शीघ्र गति से पूरा करने की बात कही।