
नागपुर. नागपुर में सांस्कृतिक वातावरण निर्माण करने और आध्यात्मिक परंपरा को संजोए रखने में भजन मंडलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, ऐसा प्रतिपादन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया। खासदार सांस्कृतिक महोत्सव के तहत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गडकरी के हाथों नागपुर शहर के 400 भजन मंडलों को तबला और हार्मोनियम का वितरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा नागपुर शहर अध्यक्ष बंटी कुकडे, पूर्व विधायक प्रा. अनिल सोले, दीपक खिरवडकर, राजेश बागड़ी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गडकरी ने कहा, “नागपुर के सभी धर्मों के लोगों को अपनी-अपनी आध्यात्मिक परंपराओं को सहेजने का अवसर मिलना चाहिए और शहर में एक उत्तम सांस्कृतिक व आध्यात्मिक वातावरण तैयार हो, इसी उद्देश्य से यह उपक्रम चलाया जा रहा है। युवाओं में भी अपनी परंपराओं के प्रति रुचि बढ़े, यह आवश्यक है। जब भजन मंडलों को वाद्ययंत्र मिलते हैं, तो उनके भीतर एक नया उत्साह जागता है और भजन के माध्यम से उनके जीवन में आनंद आता है, यह अत्यंत संतोषजनक बात है। उन्होंने आगे कहा कि नागपुर शहर में सैकड़ों भजन मंडलों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ी में अच्छे संस्कारों का बीजारोपण किया जा रहा है। सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत ‘भक्ति महोत्सव’ का आयोजन कर अधिक से अधिक नागपुरवासियों को इससे जोड़ा जा रहा है। साथ ही, हर वर्ष ‘खासदार भजन स्पर्धा’ भी आयोजित की जाती है, जिसमें नागपुर शहर के 500 से अधिक भजन मंडल हिस्सा लेते हैं। गडकरी ने इस आयोजन को एक सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टीकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।